- 17 मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित स्थल पहुंचाया गया कटनी (ईएमएस)। नगर में नागरिकों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिका निगम कटनी द्वारा घुमंतू मवेशियों एवं आवारा श्वानों के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि निगम की हांका गैंग लगातार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहकर कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को निगम की हांका टीम द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों वार्ड क्रमांक 44 पी डब्ल्यू डी कालोनी, पटेल मार्केट, विश्राम बाबा गेट, बरगवां मुख्य मार्ग, कटाए घाट मोड आदि स्थलों में भ्रमण कर सड़क पर विचरण कर रहे 11 घुमंतू मवेशियों को पकड़ा जाकर सुरक्षित स्थल कांजी हाउस पहुंचाया गया। इसके साथ ही टीम द्वारा गुरुनानक वार्ड स्थित बरही रोड़, मुख्य स्टेशन के पास सराय मोहल्ला सहित जालपा देवी वार्ड के 6 आवारा श्वानों को भी सुरक्षित रूप से पकड़कर एबीसी सेंटर भेजने की आवश्यक कार्रवाई की गई। निगम प्रशासन द्वारा की गई इस कार्यवाही का उद्देश्य नगर वासियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है, नगर निगम ने पशुपालकों से भी अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुला न छोड़ें, सार्वजनिक स्थलों एवं सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों एवं श्वानों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। .../ 11 जून /2026