क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


पुणे, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के पुणे शहर के सहकारनगर इलाके में बुधवार रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। रात करीब 10 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावरों ने योगेश बनेकर नामक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में योगेश बनेकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला पुराने विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस उपायुक्त मिलिंद मोहिते ने बताया कि योगेश बनेकर रोजाना की तरह अपने नियमित मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर आए चार आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस को शक है कि हमलावर पहले से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे और उन्होंने पूरी रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक, आरोपियों के पास पिस्तौल के अलावा धारदार हथियार भी थे। उन्होंने अचानक योगेश बनेकर पर तीन राउंड फायरिंग की, जिनमें से दो गोलियां उन्हें लगीं। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बनेकर को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय रहते उनका इलाज शुरू हो सका। वारदात की सूचना मिलते ही सहकारनगर पुलिस और अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी की और सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि घटना के महज एक घंटे के भीतर चारों संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने उनकी पहचान कर ली है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले के पीछे पुराना विवाद क्या था, फायरिंग में इस्तेमाल हथियार कहां से आए और क्या इस साजिश में अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल इस घटना ने एक बार फिर पुणे में बढ़ते आपराधिक घटनाक्रम और अवैध हथियारों की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ा दी है। - ११ जून/२०२६/ईएमएस