रायगढ़(ईएमएस)। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुसौर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लोहे का स्क्रैप परिवहन कर रहे एक ट्रक को सूरजगढ़ पुल के पास पकड़ लिया। जांच के दौरान वाहन में लोड 20 टन 700 किलोग्राम लोहे के स्क्रैप के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक सहित माल को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि सरिया-सारंगढ़ मार्ग से एक ट्रक में अवैध लोहे का स्क्रैप रायगढ़ की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुसौर थाना पुलिस ने तत्काल सूरजगढ़ पुल के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप पाया गया। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान रामा विश्वकर्मा (38 वर्ष), निवासी नुआसाही वार्ड क्रमांक-12, थाना करंजिया, जिला मयूरभंज (ओडिशा) के रूप में दी। चालक ने बताया कि वाहन में लगभग 20 टन 700 किलोग्राम स्क्रैप लोड है, हालांकि परिवहन से जुड़े किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज वह प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेज न मिलने और संदिग्ध परिस्थितियों के चलते पुलिस ने चोरी की संपत्ति होने की आशंका जताते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद ट्रक और उसमें लोड स्क्रैप को जब्त कर थाना लाया गया। पुलिस का अनुमान है कि इस स्क्रैप को किसी औद्योगिक इकाई या प्लांट में अवैध रूप से खपाने की योजना थी। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए लोहे के स्क्रैप की कीमत लगभग ₹1.22 लाख और ट्रक की कीमत करीब ₹8 लाख आंकी गई है। इस तरह कुल मिलाकर ₹9.22 लाख की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई को लेकर एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों और अवैध कबाड़ कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध स्क्रैप परिवहन, चोरी के माल की खरीद-फरोख्त और इससे जुड़े नेटवर्क पर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में इस तरह के मामलों पर विशेष निगरानी अभियान लगातार चलाया जा रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 जून 2026