बालोद(ईएमएस)। जिला मुख्यालय से लगभग 3 किलोमीटर दूर ग्राम बघमरा निवासी नोहर ठाकुर (40 वर्ष) की रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार गांव में किया गया, जहां माहौल गमगीन रहा। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, रात नोहर ठाकुर ने अधिक मात्रा में शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर परिजन उन्हें रात करीब 2 बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद भी स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उन्हें राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालत लगातार नाजुक बनी रहने पर उन्हें रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में भर्ती कराया गया, जहां वे कई दिनों तक कोमा में रहे। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक शराब सेवन के मामलों में अल्कोहल पॉइजनिंग का खतरा बढ़ जाता है। यह स्थिति शरीर में अल्कोहल की मात्रा अत्यधिक बढ़ जाने से उत्पन्न होती है, जो मस्तिष्क के उन हिस्सों को प्रभावित कर सकती है जो सांस लेने, हृदय गति और शरीर के तापमान को नियंत्रित करते हैं। ऐसी स्थिति में समय पर इलाज न मिलने पर जान का खतरा काफी बढ़ जाता है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ लगातार लोगों से अपील करते हैं कि अत्यधिक शराब सेवन से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लें, ताकि समय पर इलाज से गंभीर परिणामों को टाला जा सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 जून 2026