-शुक्रवार को हो सकती है सुनवाई नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन के राज्यसभा नामांकन रद्द होने के मामले में सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को सुनवाई टल गई है। अहम मामले पर सुनवाई 12 जून को होगी, जिससे नटराजन को कानूनी राहत मिलने का इंतजार और बढ़ गया है। उनकी उम्मीदवारी को 9 जून को रिटर्निंग ऑफिसर और मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रधान सचिव अरविंद शर्मा ने रद्द की थी। यह कदम बीजेपी के राज्यसभा उम्मीदवार महेश केवट और राज्य महासचिव राहुल कोठारी की आपत्तियों के बाद उठाया गया था। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि नटराजन ने अपने चुनावी हलफनामे में हैदराबाद की एक अदालत में लंबित एक महत्वपूर्ण मामले की जानकारी नहीं दी थी, जो कि अनिवार्य रुप से देना होता है। रिटर्निंग ऑफिसर के आदेश के अनुसार, नटराजन ने अक्टूबर 2025 में हैदराबाद की अदालत से जारी नोटिस का जवाब दिया था, लेकिन अपने नामांकन पत्रों के साथ जमा किए गए फॉर्म 26 में मामले का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया था। इसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने उनके हलफनामे को अधूरा मनाकर उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी। आशीष दुबे / 11 जून 2026