राष्ट्रीय
11-Jun-2026


लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश में अवैध धर्मांतरण रोकने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश की राज्यपाल और राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने राज्य के सभी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में धर्मांतरण रोकथाम सेल गठित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। यह फैसला किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) और संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में सामने आए कथित धर्मांतरण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए लिया गया है। राजभवन के इस आदेश के बाद, अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय ने अपने सभी संबद्ध संस्थानों को तुरंत इस सेल का गठन करने और इसकी विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का आदेश जारी कर दिया है। यह विशेष सेल मुख्य रूप से धर्मांतरण की रोकथाम, कॉलेज परिसर की निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगा। विद्यार्थियों, रेजिडेंट डॉक्टरों और स्टाफ के बीच जागरुकता अभियान चलाएगा। शिकायतों की तुरंत जांच, रिपोर्टिंग और संबंधित अधिकारियों को सूचित करने की व्यवस्था भी इसमें होगी। राज्यपाल ने सभी संस्थानों में इस सेल को प्रभावी बनाने और अनुपालन रिपोर्ट समयबद्ध रूप से मांगने के निर्देश दिए हैं। जितेन्द्र 11 जून 2026