राष्ट्रीय
11-Jun-2026


लखनऊ (ईएमएस)। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पिछले 12 वर्ष भारत के लिए विकास, विश्वास और जन कल्याण का सबसे सुनहरा दौर रहा है। यूपी की राजधानी लखनऊ में हुए ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कार्यकाल देश के इतिहास में हमेशा सुनहरे अक्षरों में दर्ज होगा। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कार्यक्रम में आए सभी लोगों का सहृदय आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अवसर उनके लिए व्यक्तिगत रूप से बेहद विशेष है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के बेमिसाल कार्यकाल की सराहना करते हुए बताया कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में यह अब तक का सबसे प्रभावशाली और लंबा कार्यकाल साबित हुआ है। उन्होंने आंकड़ों के जरिए बताया कि इन पिछले 4400 दिनों में देश की आम जनता की सक्रिय भागीदारी से भारत को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले अक्टूबर महीने तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के और मुख्यमंत्री के रूप में संवैधानिक पदों पर कुल 25 वर्ष सफलतापूर्वक पूरे हो जाएंगे। अपने इस लंबे राजनीतिक और प्रशासनिक सफर के दौरान वे पिछले 25 वर्ष से बिना एक भी दिन की छुट्टी लिए पूरी तरह से देश सेवा में समर्पित रहे। उन्होंने आगे कहा कि आज देश जिस मजबूत स्थिति में है, उसके पीछे प्रधानमंत्री की करीब 55 वर्ष की अनवरत राष्ट्रव्यापी तपस्या रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (त्ैै) के एक निष्ठावान स्वयंसेवक के रूप में, फिर एक कुशल राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में उनका जीवन हमेशा देश को समर्पित रहा। केन्द्रीय मंत्री गोयल ने आर्थिक मोर्चे पर बात करते हुए कहा कि पश्चिमी देशों में चल रहे युद्ध और दुनिया भर में मची उथल-पुथल के बावजूद भारत ने अपनी बेहद मजबूत आर्थिक नींव रखी है। पिछले कुछ वर्षों में देश के कोने-कोने में विश्वस्तरीय आधारभूत बुनियादी सुविधाएं विकसित की गईं और देश को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक नया तथा दूरदर्शी दृष्टिकोण दिया गया। केंद्र सरकार की प्रमुख जन कल्याणकारी योजनाओं का विस्तृत जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि देश के 16 करोड़ से अधिक ग्रामीण घरों तक पाइपलाइन के जरिए ‘नल से जल’ पहुंचाया जा चुका है. इसके साथ ही देश की माताओं-बहनों के सम्मान के लिए 12 करोड़ से अधिक ‘इज्जत घर’ (शौचालयों) का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है। इसके अलावा, विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत के तहत देश के करोड़ों गरीब परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की बेहतरीन सुविधा दी जा रही है। जितेन्द्र 11 जून 2026