टीएमसी के पूर्व नेता का दावा, 4 विकेट और गिरने वाले कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के अंदर जारी टूट के बीच अब पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी ने सीधे पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को एक कड़ा अल्टीमेटम दे दिया है। उन्होंने ममता से स्पष्ट कह दिया हैं कि उन्हें तय करना होगा कि वे पार्टी में अभिषेक को रखेंगी या कल्याण बनर्जी को। कल्याण बनर्जी ने ममता के भतीजे और पार्टी के महासचिव अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोलकर आरोप लगाया कि उनके बेहद खराब व्यवहार और कार्यशैली के कारण ही पार्टी में फूट पड़ रही है और कई नेता दल छोड़ रहे हैं। सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा, मैं ममता बनर्जी के साथ हूं, लेकिन ममता दीदी को यह तय करना होगा कि वह अभिषेक को रखेंगी या मुझे। ममता को पहले फैसला करना होगा। उन्होंने साफ कहा कि यदि ममता यह मानती हैं कि वह अभिषेक बनर्जी के बिना पार्टी को आगे नहीं बढ़ा सकतीं, तब फिर वह खुद पार्टी में नहीं रहने वाले है। यह बयान टीएमसी के भीतर अभिषेक की भूमिका को लेकर पनप रहे असंतोष को दिखाता है। कल्याण बनर्जी के बयान पर टीएमसी के पूर्व नेता रिजू दत्ता ने भी तत्काल प्रतिक्रिया देकर उनका समर्थन किया। पूर्व टीएमसी नेता दत्ता ने दावा किया कि कल्याण बनर्जी जो बोल रहे हैं, वह बात कई लोग बोल रहे हैं। उन्होंने अभिषेक बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाकर कहा कि अभिषेक पार्टी के हर तरह के नेता को बदनाम करते हैं, और यही वजह है कि उनके चलते कई वरिष्ठ और अनुभवी नेता पार्टी छोड़कर चले गए हैं। दत्ता ने जोड़ा कि अभिषेक बनर्जी का सिर्फ एक काम सिर्फ पैसा है, इसकारण टीएमसी कमजोर होती जा रही है। उन्होंने खुद स्वीकार किया कि वह केवल ममता बनर्जी के चलते ही टीएमसी को मानते थे। रिजू दत्ता ने टीएमसी के भविष्य को लेकर कुछ बड़े दावे कर दिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही टीएमसी के चार और सांसद राज्यसभा से इस्तीफा देने वाले हैं, जो पार्टी के लिए एक और बड़ा झटका होगा। कांग्रेस में टीएमसी के संभावित विलय को लेकर उन्होंने अटकलों को खारिज कर कहा कि टीएमसी पार्टी कांग्रेस के साथ मर्ज नहीं कर सकती है। हालांकि, उन्होंने संभावना जाहिर की कि बंगाल में कांग्रेस और टीएमसी के बीच भविष्य में गठबंधन हो सकता है, लेकिन पूर्ण विलय की बात को उन्होंने नकार दिया। यह घटनाक्रम निश्चित तौर पर टीएमसी के लिए एक बड़ी चुनौती पेश कर रहा है, जहाँ आंतरिक कलह खुले तौर पर सामने आ रही है। आशीष दुबे / 11 जून 2026