क्षेत्रीय
11-Jun-2026


0 सरकंडा पुलिस ने दर्ज किया अपराध बिलासपुर (ईएमएस)। सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में एक पारिवारिक विवाद सामने आया है। यहां एक युवती ने अपनी ही बुजु्र्ग चाची पर बैट से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग महिला के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अपोलो अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। सरकंडा पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। अशोक नगर निवासी अदिति शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके घर में दादा सतीश शर्मा, दादी शैलेन्द्री शर्मा और पिता आशीष शर्मा रहते हैं। ठीक बगल वाले मकान में उनके दादा के छोटे भाई अविनाश शर्मा अपने परिवार के साथ निवास करते हैं। दोनों परिवारों के मकान आपस में जुड़े हुए हैं और छत पर जाने के लिए एक ही सांझा सीढ़ी का उपयोग किया जाता है। मंगलवार, 9 जून की सुबह करीब साढ़े 5 बजे जब बुजुर्ग दादी शैलेन्द्री शर्मा हमेशा की तरह सोकर उठने के बाद छत से नीचे आ रही थीं, तभी सीढय़िों के पास उनके छोटे दादा की बेटी अक्षीता शर्मा उर्फ मुस्कान हाथ में बैट लेकर पहुंच गई। आरोप है कि अक्षीता उर्फ मुस्कान ने बुजुर्ग महिला को देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए उनके सिर पर पीछे से बैट से जोरदार वार कर दिया। हमले के कारण बुजुर्ग शैलेन्द्री शर्मा वहीं जमीन पर गिर पड़ीं। इसके बाद भी आरोपी अक्षीता का गुस्सा शांत नहीं हुआ, उसने गिरे हुए हालत में भी दादी के सिर पर बैट से कई वार किए और उनके बाल पकडक़र सिर को दीवार और सीढय़िों पर दे मारा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि अक्षीता ने अपनी चुनरी से उनका गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की। चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन, अपोलो में इलाज जारी बुजुर्ग महिला की चीख-पुकार सुनकर शिकायतकर्ता अदिति शर्मा और उनके दादा सतीश शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि शैलेन्द्री शर्मा लहुलुहान हालत में पड़ी थीं और उनके सिर से अत्यधिक खून बह रहा था। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला को परिजनों ने तुरंत अपोलो अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया। इसके बाद सरकंडा थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। मनोज राज 11 जून 2026