क्षेत्रीय
11-Jun-2026


0 सरकंडा पुलिस ने दर्ज किया मामला बिलासपुर (ईएमएस)। सरकंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजकिशोर नगर शराब भट्टी के पास दहशत फैलाने और चाकू की नोक पर रंगदारी (उगाही) मांगने का एक गंभीर मामला सामने आया है। शराब पीने के लिए पैसे देने से मना करने पर दो बदमाशों ने एक एल्युमिनियम मिस्त्री के सीने पर चाकू अड़ा दिया और बीच सडक़ पर जमकर उत्पाद मचाया। सरकंडा पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। आदर्श नगर मोपका (खरे मोहल्ला) निवासी संदीप खरे, जो राजकिशोर नगर स्थित डाउन टाउन होटल के पास सांई एल्युमिनियम दुकान में मिस्त्री का काम करते हैं, उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि सोमवार 8 जून की रात लगभग 10 बजे वे राजकिशोर नगर शराब भट्टी के पास गए थे। इसी दौरान वहां इलाके के दो बदमाश मोनू गंधर्व और उसका एक अन्य साथी (जिसे मोनू उर्फ मनीष पटेल कहकर पुकार रहा था) पहुंचे। दोनों ने संदीप को घेर लिया और गालियां देते हुए शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। जब संदीप ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी मोनू गंधर्व ने अपने पास रखा एक लंबा, धारदार चाकू निकाला और हवा में लहराते हुए सीधे संदीप के सीने पर अड़ा दिया। सरेराह चाकूबाजी की इस घटना से भट्टी के आसपास मौजूद लोगों में हडक़ंप मच गया और वे डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। थाने जाने पर जान से मारने की धमकी, एक अन्य युवक से भी की मारपीट घटना के दौरान वहां मौजूद प्रमोद साहू, रोशन साहू और अन्य स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की। जब पीड़ित संदीप खरे ने बदमाशों से कहा कि वे इस गुंडागर्दी की रिपोर्ट थाने में करेंगे, तो मोनू गंधर्व और मनीष पटेल ने उन्हें दोबारा धमकी दी कि अगर पुलिस के पास गए, तो जान से मार देंगे। इतना ही नहीं, प्रार्थी ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि इन्हीं दोनों आरोपियों ने उसी दौरान वहां मौजूद एक अन्य युवक नितिश स्वर्णकार के साथ भी बिना किसी बात के मारपीट की। मनोज राज 11 जून 2026