0 तोरवा थानाक्षेत्र की घटना, जुर्म दर्ज बिलासपुर (ईएमएस)। तोरवा थाना क्षेत्र के हेमू नगर में एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। गृहस्वामी जब अपने परिवार को लेकर बाहर गए हुए थे, तभी सूनेपन का फायदा उठाकर चोरों ने चैनल गेट और दरवाजे का ताला तोडक़र भीतर रखी अलमारी से जेवरात और नकदी पार कर दिए। तोरवा पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। तोरवा के केशव मुर्राभट्टा रोड निवासी प्रशांत फुलझेले, जो रेलवे से सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) कर्मचारी हैं, उन्होंने थाने में मामला दर्ज कराया है। प्रार्थी ने बताया कि वे बीती 23 मई को अपने पूरे परिवार के साथ गर्मी की छुट्टियां मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश घूमने गए हुए थे। घर पर उनके बुजुर्ग माता-पिता अकेले थे। इसी दौरान अचानक घर में उनकी मां गिर गईं, जिससे उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। मां की चोट की खबर मिलते ही नागपुर में रहने वाला उनका छोटा भाई बिलासपुर पहुंचा और 27 मई की सुबह मकान में ताला बंद कर माता-पिता को इलाज व देखभाल के लिए अपने साथ नागपुर ले गया। इसके बाद से मकान पूरी तरह सूना था। जब प्रशांत फुलझेले हिमाचल प्रदेश से वापस लौटे और माता-पिता को साथ लेकर 6 जून की शाम अपने घर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। घर के मुख्य चैनल गेट में लगा ताला और अंदर के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। भीतर प्रवेश करने पर पूरा सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा पड़ा था। कमरे में रखी आलमारी का लॉक टूटा हुआ था और वह खुली पड़ी थी। चोरों ने आलमारी को खंगालकर उसमें रखी चांदी की एक जोड़ी पायल, चांदी की एक नग पुरानी इस्तेमाल की हुई कान की बाली, बच्चों के गुल्लक में रखे नगद पैसे सहित कीमती साडय़िां और पैंट चोरी कर लिए थे। मनोज राज 11 जून 2026