11-Jun-2026
...


- महेश्वर-मंडलेश्वर की दो दिवसीय यात्रा पर गए 50 युगलों ने पर्यावरण संरक्षण और जीव सेवा का उठाया बीड़ा इंदौर (ईएमएस)। अग्रवाल वैश्य कपल संघ के 50 युगलों ने महेश्वर-मंडलेश्वर की दो दिवसीय यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। संस्था के सदस्यों ने माँ नर्मदा को स्वच्छ रखने का संकल्प लेने के साथ ही आगामी वर्षाकाल में अपने घर-आंगन और उपयुक्त स्थानों पर अनिवार्य रूप से कम से कम पांच पौधे रोपने का व्रत लिया। संस्था अध्यक्ष व समाजसेवी रामबाबू अग्रवाल के नेतृत्व में महेश्वर पहुँचे सदस्यों ने नर्मदा स्नान कर माँ नर्मदा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद सभी ने नौका विहार और साउंड एंड लाइट शो का भी आनंद लिया। यात्रा के दूसरे दिन दल ने महेश्वर स्थित राजराजेश्वरी मंदिर और भगवान सहस्रबाहु के दर्शन किए। - जाम गेट पर की जीव सेवा, चोली में किए महाकाल के दर्शन यात्रा के दौरान संघ के सदस्यों ने जाम गेट से महेश्वर के बीच घाट और जंगल क्षेत्र में तपती गर्मी से बेहाल बंदरों, गोवंश और अन्य मूक जीवों को शीतल जल पिलाया और फल परोसे। इसके बाद सभी सदस्यों ने निकटवर्ती ग्राम चोली पहुँचकर भगवान महाकाल की आठ फीट ऊँची ऐतिहासिक प्रतिमा के दर्शन-पूजन का पुण्य लाभ भी लिया। यात्रा में मुख्य रूप से प्रहलाद गुप्ता, उमा अग्रवाल, शारदा अग्रवाल, अभिभाषक कमल गुप्ता, नंदकिशोर अग्रवाल, शरद गोयल, विजय एवं साधना माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में सदस्य शामिल थे। सभी ने देश के अन्य तीर्थ स्थलों की यात्रा के दौरान भी स्वच्छता बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रकाश/11 जून 2026 संलग्न चित्र - इंदौर। महेश्वर यात्रा के दौरान नदियों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते अग्रवाल वैश्य कपल संघ के सदस्य।