11-Jun-2026
...


- गीता भवन में मारवाड़ी माहेश्वरी प्रगति मंडल के भागवत ज्ञान यज्ञ में मना गोवर्धन उत्सव, आज होगा रुक्मणी विवाह इंदौर (ईएमएस)। “हमारी सनातन संस्कृति में कुछ भी कपोल कल्पित नहीं, बल्कि सबकुछ सत्य है। भारतीय समाज सोलह संस्कारों से मर्यादित है। वर्तमान में पाश्चात्य संस्कृति के अंधानुकरण से समाज में जो विकृतियाँ पनप रही हैं, उन्हें केवल कानून के भरोसे नहीं रोका जा सकता। इन विकृतियों का मुकाबला सनातन संस्कारों और संस्कृति से ही संभव है।” यह दिव्य विचार वृन्दावन के जगद्गुरु गोपेश्वर चैतन्य महाराज ने मनोरमागंज स्थित गीता भवन पर व्यक्त किए। वे यहाँ मारवाड़ी माहेश्वरी प्रगति मंडल की मेजबानी में चल रहे भागवत ज्ञान यज्ञ में गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग प्रसंग पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा इंद्र के अहंकार को तोड़ने की प्रतीक है। भागवत ऐसा विलक्षण ग्रंथ है, जो जीवन के हर संशय का समाधान करता है। इस दौरान भगवान को छप्पन भोग समर्पित कर गोवर्धन उत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंडल के अध्यक्ष रामकिशोर राठी एवं मंत्री मनोज धूत ने बताया कि व्यास पीठ का पूजन दिनेश परवाल, ओमप्रकाश धूत, कपिल लाहोटी, अनिल चिंचानी सहित मंडल के सदस्यों ने किया। कथाव्यास की अगवानी रामविलास राठी, राधेश्याम मालानी और रामप्रसाद जखेटिया ने की। शुक्रवार (12 जून) को कथा में महारास एवं रुक्मणी विवाह का उत्सव मनाया जाएगा। वहीं, 13 जून को सुदामा चरित्र तथा रविवार (14 जून) को सुबह 9 बजे पूर्णाहुति व यज्ञ के साथ कथा को विराम दिया जाएगा। प्रकाश/11 जून 2026 संलग्न चित्र - इंदौर। गीता भवन में चल रहे भागवत ज्ञान यज्ञ में गोवर्धन पूजा कर छप्पन भोग समर्पित करते श्रद्धालु।