मंडला (ईएमएस)। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान स्कूली बच्चों और युवाओं को खेल से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित खेल उत्सव “आरोह 2026” का समापन बुधवार को दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में हुआ। समापन अवसर पर मध्यप्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती उईके ने कहा कि खेल मानव जीवन का अभिन्न हिस्सा है। खेल न केवल बच्चों को ऊर्जावान रखता है बल्कि उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश में इस प्रकार के खेल उत्सव स्कूली बच्चों और युवाओं के लिए उपयोगी साबित होते हैं। केन्द्र और प्रदेश सरकार लगातार महिलाओं, कृषकों और युवाओं के हित में काम कर रही है। मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि मंडला जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जिले की खेल संभावनाओं को देखते हुए खेल एवं युवक कल्याण विभाग की ओर से 53 लाख रुपये की क्रीड़ा सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही जिले में एक जिला स्तरीय खेल परिसर के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है और शीघ्र ही नया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। उन्होंने बच्चों को खेल उत्सव में भाग लेने के लिए प्रेरित करने वाले अभिभावकों का आभार भी व्यक्त किया। खेल मैदान में उतरीं मंत्री समापन कार्यक्रम से पहले मंत्री श्रीमती उईके तीरंदाजी मैदान पहुंचीं और वहां मौजूद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी रिकर्व बो हाथ में लेकर तीरंदाजी में अपना हाथ आजमाया। इसके बाद उन्होंने इंडोर स्टेडियम में लगाई गई स्पोर्ट्स प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न खेल उपकरणों की जानकारी ली। बच्चों ने दिखाया वुशु और मुक्केबाजी का कौशल समापन समारोह में खेल उत्सव में हिस्सा लेने वाले बच्चों ने वुशु और मुक्केबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों के जोश और अनुशासन को देखकर उपस्थित दर्शकों ने तालियाँ बजाकर प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में खेल प्रशिक्षकों और प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री जोरावर सिंह, युवा समाजसेवी श्री शिवा राजपूत, कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, सहायक कलेक्टर श्री शैलेन्द्र चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा, जिला खेल अधिकारी श्री विकास खराड़कर सहित मीडिया प्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। एक महीने में 1760 खिलाड़ियों ने 21 खेलों में लिया प्रशिक्षण जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम “आरोह 2026” का बुधवार को औपचारिक समापन किया गया। 1 मई से 31 मई तक चले इस एक माह के आयोजन में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के 1760 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के तहत 41 प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को 21 खेलों की बेसिक और एडवांस तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही योग, एरोबिक, जुम्बा और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी 35 फिटनेस गतिविधियां भी आयोजित की गईं। सांस्कृतिक विकास के लिए जिला स्तर पर नृत्य, गायन और चित्रकला प्रतियोगिताएं कराई गईं, जिसमें विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। आयोजन में केवल खेल तक सीमित नहीं रखा गया। खिलाड़ियों को नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल और प्रेरणा जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया। 2 जून को साइबर सेल मंडला के निरीक्षक श्री राजेंद्र बिसेन ने खिलाड़ियों और अभिभावकों को नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। आरोह 2026 का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम मंडला, जेआरसी खेल मैदान नैनपुर, महात्मा गांधी स्टेडियम सहित जिले के विभिन्न केंद्रों पर किया गया। जिला प्रशासन का उद्देश्य ग्रीष्मकाल में बच्चों और युवाओं को खेल से जोड़कर उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा देना था। ईएमएस/मोहने/ 11 जून 2026