11-Jun-2026
...


मंडला (ईएमएस)। मंडला नगर के बस स्टैंड पर संचालित एक अवैध शराब अड्डे पर कोतवाली थाना पुलिस ने दोपहर को औचक छापा मारा। यह अड्डा एक महिला द्वारा कई वर्षों से बेरोकटोक चलाया जा रहा था। जिसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर सघन सर्चिंग की और बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। छापेमारी के दौरान अड्डा चलाने वाली महिला मौके पर नहीं मिली लेकिन पुलिस ने दो युवकों को धर दबोचा। मौके से पुलिस ने 50 से 60 लीटर से अधिक देशी विदेशी शराब बरामद किया। आरोपी युवकों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34 (२) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को अड्डे के रूप में चल रहे इस होटल से शराब छिपाने के कई अनोखे तरीके मिले। मोपेड वाहन की सीट के नीचे शराब के क्वार्टर रखे हुए थे। इसके अतिरिक्त बड़े वाहनों के खराब टायरों के भीतर भी शराब छिपा रखी थी, जिसे निकालने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। अड्डे के पीछे एक बाड़ी और काफी रिक्त स्थान है, जिसका उपयोग शराब डंप करने के लिए किया जा रहा था। यहां अलग.अलग जगहों परए यहां तक कि सूखी नाली और खाली मटकों के भीतर भी शराब की बोतलें भरे हुए मिले। पुलिस ने सभी बरामद शराब जब्त कर ली है और फ रार महिला की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। आरोप है कि बस स्टेंड स्थित शराब के अड्डे पर शराब का कारोबार लंबे समय से चला आ रहा है। इसके आसपास भी ठेले और भोजनालय में शराब विक्रय की जा रही है। महिला के शराब के अड्डे में कई बार शराब के लेनदेन में विवाद हो चुके है। कई बार महिला के कर्मियो ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। इससे बस स्टेंड का महौल अराजक बन गया है। ईएमएस/मोहने/ 11 जून 2026