राज्य
11-Jun-2026


-दिल्ली में लोकतंत्र बचाओ अभियान तेज भोपाल (ईएमएस) । मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और जनता के मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी अपने संघर्ष के अगले चरण में प्रवेश कर रही है। उन्होंने बताया कि कल मध्य प्रदेश कांग्रेस के सभी विधायक दिल्ली पहुंचेंगे। राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय मांगा गया है और समय मिलने की प्रतीक्षा की जा रही है। पटवारी ने कहा कि कल कांग्रेस पार्टी मीडिया के समक्ष पूरे घटनाक्रम और अपने पक्ष को विस्तार से रखेगी, जिसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि, युवाओं के भविष्य से जुड़े पेपर लीक जैसे मामलों और किसानों की समस्याओं पर सरकार जवाबदेही से बचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान खाद और उर्वरक जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए परेशान हैं, देश की अर्थव्यवस्था चुनौतियों का सामना कर रही है और विदेश नीति से लेकर आम जनता के जीवन से जुड़े कई मुद्दों पर असंतोष का माहौल है। इन सभी परिस्थितियों के लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां जिम्मेदार हैं। आशीष पाराशर/11 जून2026