राज्य
11-Jun-2026


भोपाल (ईएमएस) । रामगंजमंडी-भोपाल नई बड़ी रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत निर्मित 13.70 किलोमीटर श्यामपुर-कुरावर रेलखंड के कमीशनिंग कार्य हेतु रेल संरक्षा आयुक्त, मध्य क्षेत्र, मुंबई गुरू प्रकाश द्वारा 12 जून 2026 को निरीक्षण किया जाएगा। यह निरीक्षण रेलखंड की संरक्षा, तकनीकी गुणवत्ता तथा यात्री एवं मालगाड़ी संचालन के लिए उसकी उपयुक्तता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 12 जून 2026 को प्रात: 09:30 बजे से सायं 05:00 बजे तक श्यामपुर-कुरावर रेलखंड पर विभिन्न संरक्षा एवं तकनीकी मानकों का गहन परीक्षण किया जाएगा। इस दौरान ट्रैक, पुलों, समपार फाटकों, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली सहित अन्य रेलवे अवसंरचनाओं का निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही रेलखंड पर स्पीड ट्रायल एवं अन्य परिचालन परीक्षण भी किए जाएंगे, जिनमें ट्रेनों का संचालन सामान्य से अधिक गति पर किया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान ट्रैक की गुणवत्ता, संरचनात्मक स्थिरता, पुलों एवं समपार फाटकों की सुरक्षा, सिग्नल एवं संचार प्रणाली की कार्यक्षमता तथा आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जायेगा। जिससे रेलखंड की परिचालन क्षमता एवं संरक्षा का मूल्यांकन किया जा सके। निरीक्षण उपरांत संतोषजनक पाए जाने पर ही रेलखंड को यात्री उपयोग के लिए अनुमोदित किया जाता है। इस नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत कुल 27 स्टेशन हैं, जिनमें रामगंज मंडी, जुल्मी, झालावाड़, झालरापाटन, जूनाखेड़ा, अमेठा, अकलेरा, पचोला, घाटोली, नयागांव, भोजपुर, देवपुरा, खिलचीपुर, राजगढ़, नरसिंहपुर, ब्यावरा, पीपलहेला, सोनकच्छ, नरसिंहगढ़, जमुनियागंज, कुरावर, श्यामपुर, दुराहा, जरखेड़ा, मुगलियाहाट, संत हिरदाराम नगर एवं निशातपुरा डी केबिन शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इस परियोजना के अंतर्गत कुल 276 किलोमीटर में से निशातपुरा डी केबिन से व्यावरा तक 111 किलोमीटर का रेलखंड भोपाल के अधीन आता है, शेष रामगंजमंडी से नरसिंहपुर तक 165 किलोमीटर का खंड कोटा मंडल के अधीन आता है। जिसमें भोपाल मंडल में निशातपुरा डी केबिन से श्यामपुर तक 42 किमी का कार्य पूर्ण हो चूका है। कुरावर-श्यामपुर 13.70 किलोमीटर का कार्य सीआरएस निरीक्षण के साथ पूरा हो जायेगा शेष लगभग 56 किलोमीटर का कार्य (सोनकच्छ-नरसिंहगढ़, ब्यावरा-सोनकच्छ) वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूरा करने का लक्ष्य है। परियोजना से क्षेत्र को मिलेगा लाभ रामगंजमंडी-भोपाल नई बड़ी रेल लाइन परियोजना क्षेत्रीय रेल संपर्क को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इस परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी, आवागमन सुगम होगा तथा व्यापार, उद्योग और सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। आमजन से विशेष अपील रेल प्रशासन द्वारा आमजन, विशेषकर श्यामपुर-कुरावर रेलखंड एवं इसके आसपास स्थित ग्रामों एवं बस्तियों के निवासियों से अपील की गई है कि वे रेलवे ट्रैक, पुलों, समपार फाटकों तथा अन्य रेल परिसंपत्तियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी परिस्थिति में रेलवे ट्रैक पर न जाएं। आशीष पाराशर/11 जून2026