11-Jun-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। जिला पुलिस कप्तान द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों और चोरों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कालापीपल थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने क्षेत्र के कोहड़ी गांव में हुई पशु चोरी के मामले का चंद दिनों में पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई कीमती मुर्रा भैंस, एक पाड़ी और वारदात में इस्तेमाल किया गया बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किया गया है। जब्त किए गए कुल मशरूके की कीमत करीब 11 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। पकड़ा गया एक आरोपी पचोर क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पूर्व में हत्या और हत्या के प्रयास जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 7 जून को कोहड़ी निवासी फरियादी राजकुमार पिता गंगाधर चन्द्रवंशी ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने उसके बाड़े की दीवार और खिड़की तोड़कर अंदर बंधी करीब 90 हजार रुपये की मुर्रा भैंस और 40 हजार रुपये कीमत की एक पाड़ी चोरी कर ली है। फरियादी की रिपोर्ट पर कालापीपल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शाजापुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) शुजालपुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रवि भंडारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र की मदद से अथक प्रयास करते हुए कंजरपुरा पचोर निवासी बसंत पिता सोहन हाड़ा 33, मेला ग्राउंड पचोर निवासी अजय योगी पिता रमेशचन्द्र योगी 20 और कंजरपुरा निवासी आजाद पिता सीताराम 40 को घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई भैंस व पाड़ी सहित वारदात में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बसंत शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व से ही विभिन्न थानों में हत्या और हत्या के प्रयास सहित चोरी के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी रवि भंडारी, उप निरीक्षक मुनेश्वर राम भगत, प्रधान आरक्षक विशाल पटेल, विवेक गोस्वामी, वीरेन्द्र शर्मा, सतीश रावत सहित आरक्षक नयन यादव, वेद प्रकाश, सुमित पटेल, सतीश गौतम, अर्जुन दांगी और महिला आरक्षक नीलम परमार की मुख्य भूमिका रही। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 11जून 2026