- योग दिवस और दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राष्ट्रपति जबलपुर, (ईएमएस)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत खाका तैयार किया गया। बैठक में राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक के कार्यक्रम की जानकारी अधिकारियों को दी गई तथा सभी विभागों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार समयबद्ध व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने बताया कि राष्ट्रपति 20 जून को शाम 6.10 बजे भारतीय वायु सेना के विमान से जबलपुर पहुंचेंगी और रात्रि विश्राम करेंगी। इसके बाद 21 जून को सुबह गैरीसन ग्राउंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी। मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की हुई समीक्षा ....... राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू योग कार्यक्रम के बाद रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय पहुंचकर 36वें दीक्षांत समारोह में सहभागिता करेंगी। समारोह के उपरांत वे दोपहर में जबलपुर एयरपोर्ट से भारतीय वायु सेना के विशेष विमान द्वारा ग्वालियर के लिए रवाना होंगी। बैठक में सभी संबंधित विभागों को सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम गरिमामय एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। ..../ ईएमएस / 11 जून 2026