- पीएम आवास की राशि जारी की नर्मदापुरम(ईएमएस)। नगरपालिका में हुई जनसुनवाई की शुरूआत से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। गुरूवार को हुई जनसुनवाई में अनेक नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया गया। साथ ही जांच योग्य आवेदनों के लिए संबंधित शाखाओं को भेजा गया। प्रभारी कार्यालय अधीक्षक हरीश गोस्वामी ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले द्वारा जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई में वार्ड क्रमांक 11 की आवेदिका सपना तोमर द्वारा आवेदन दिया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की लिस्ट में नाम है लेकिन राशि अभी आई नहीं है। इसकी तत्काल जांच कराई गई। महिला का खाता आधार कार्ड से जुड़ा नहीं होने के कारण यह समस्या आ रही थी। डीवीटी कराने के तत्काल बाद पीएम आवास योजना की राशि उनके खाते में भेजी गई। वार्ड नंबर 27 बीटीआई क्षेत्र में पेयजल सप्लाई में प्रेशर नहीं होने के कारण कुछ घरों में पानी नहीं पहुंच रहा था। जिसकी शिकायत लेकर सौरभ थापक और वार्डवासी आए। शिकायत को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से पेयजल शाखा की टीम को मौके पर पहुंचाया और वाल्व ठीक कराने का कार्य शुरूआत कराई गई। जनसुनवाई में उपयंत्री रीना गुप्ता, आयुषी रिछारिया, पार्षदगण बिंदिया मांझी, नरेंद्र पटेल, एल्डरमेन संतोष मीना, पीएम आवास प्रभारी दीपक गौर, संबल प्रभारी संदीप यादव आदि उपस्थित रहे। राजीव अग्रवाल/11/06/2026