11-Jun-2026
...


- टेक्नो इलेक्ट्रिक एंड इंजीनियरिंग कंपनी ने लिया इंटरव्यू; चयनित युवाओं को मिलेगा 15 से 20 हजार रुपये तक का वेतन इंदौर (ईएमएस)। संचालक कौशल विकास विभाग के निर्देशानुसार शासकीय संभागीय आईटीआई इंदौर में गुरुवार को टेक्नो इलेक्ट्रिक एंड इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड द्वारा कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया गया। यह विशेष आयोजन संयुक्त संचालक सतीश मोरे के मार्गदर्शन तथा प्राचार्य श्रीमती रीना सोलंकी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस कैंपस इंटरव्यू में इंदौर जिले की विभिन्न शासकीय व निजी संस्थाओं के इलेक्ट्रीशियन एवं इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड के 100 से अधिक प्रशिक्षणार्थियों (विद्यार्थियों) ने अपनी किस्मत आजमाई। कंपनी के चयनकर्ताओं द्वारा बारी-बारी से लिए गए साक्षात्कार के बाद विभिन्न जिलों के लिए तकनीशियन के कुल 50 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया। - चयनित युवाओं को मिलेंगे आकर्षक भत्ते संस्थान प्रबंधन ने बताया कि कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से चुने गए इन अभ्यर्थियों को प्रति माह 15 हजार से लेकर 20 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें कंपनी के नियमानुसार अन्य भत्तों का लाभ भी प्रदान किया जाएगा। कंपनी के प्रतिनिधियों के अनुसार, जो अभ्यर्थी किसी कारणवश इंदौर नहीं पहुँच सके और अन्य जिलों से ताल्लुक रखते हैं, उनके लिए ऑनलाइन इंटरव्यू की प्रक्रिया आगामी दो दिनों तक जारी रहेगी। कौशल विकास के क्षेत्र में युवाओं को रोजगार के बेहतर और सुलभ अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में संस्थान के इस प्रयास की सभी ने सराहना की। कैंपस इंटरव्यू के सफल समापन पर प्लेसमेंट सेल प्रभारी विपिन पुरोहित ने कंपनी से आए चयनकर्ताओं और वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। प्रकाश/11 जून 2026