:: राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय अतिथियों के पौधारोपण कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा; इंदौर की स्वच्छता का दिखेगा वैभव :: इंदौर (ईएमएस)। ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान शहर में पधारने वाले राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय अतिथियों के भव्य स्वागत की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने गुरुवार को मेघदूत गार्डन पहुँचकर प्रस्तावित पौधारोपण कार्यक्रम की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। आयुक्त सिंघल ने गार्डन में विशेष रूप से विकसित किए गए “ब्रिक्स इंडिया परिसर” का जायजा लिया, जहाँ विदेशी प्रतिनिधि पौधरोपण करेंगे। इस दौरान उन्होंने स्थल की स्वच्छता, सुरक्षा इंतजाम, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर इंदौर की स्वच्छता और हरियाली की झलक स्पष्ट दिखनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा, यह आयोजन केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति हमारे संकल्प का प्रतीक है। हमारा प्रयास है कि इंदौर की आत्मीय मेजबानी और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता का एक सकारात्मक संदेश अंतरराष्ट्रीय मंच तक जाए। तैयारियों को अंतिम रूप देने के दौरान निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, श्रृंगार श्रीवास्तव, उद्यान अधिकारी शांतिलाल यादव, ज़ोनल अधिकारी प्रकाश नागर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और गार्डन के सौंदर्यीकरण का कार्य समय रहते पूर्ण कर लिया जाए। प्रकाश/11 जून 2026