ज़रा हटके
12-Jun-2026
...


ताईपे (ईएमएस)। शोधकर्ताओं ने ताइवान के घने और दुर्गम जंगलों में 84.1 मीटर ऊंचे एक विशालकाय पेड़ की पहचान की है। इस विशालकाय पेड को पूर्वी एशिया का सबसे ऊंचा पेड़ माना जा रहा है। शोधकर्ता वैज्ञानिकों ने इस अद्भुत वृक्ष को “हेवन स्वॉर्ड” नाम दिया गया है। यह ताइवानिया देवदार प्रजाति का पेड़ है, जिसका वैज्ञानिक नाम ताइवानिया क्रिप्टोमेरिओइड्स है। इस ऐतिहासिक खोज को “ताइवान ट्री सीकर्स” नामक समूह ने अंजाम दिया, जो वर्ष 2014 से ताइवान के सबसे ऊंचे पेड़ों की तलाश में जुटा हुआ था। ताइवान वन अनुसंधान संस्थान की टीम ने लिडार तकनीक की मदद से इस विशाल वृक्ष की प्रारंभिक पहचान की। स्थानीय रुकाई आदिवासी समुदाय इस पेड़ को अत्यंत सम्मान की दृष्टि से देखता है और अपनी भाषा में इसे “चांद से टकराने वाला पेड़” कहकर पुकारता है। परियोजना से जुड़ी शोधकर्ता रेबेका चिया-चुन सू ने बताया कि यह खोज उनकी अपेक्षाओं से कहीं अधिक बड़ी साबित हुई। शोध शुरू होने से पहले वैज्ञानिकों को उम्मीद थी कि उन्हें 75 मीटर से अधिक ऊंचा पेड़ शायद ही मिले। हालांकि हाल के वर्षों में 72.7 मीटर ऊंचा ताइवान स्प्रूस वृक्ष भी खोजा गया था, लेकिन “हेवन स्वॉर्ड” ने सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए। ताइवान में ऐसे विशाल वृक्षों का जीवित रहना अपने आप में आश्चर्यजनक माना जाता है। यह क्षेत्र हर वर्ष कई शक्तिशाली टाइफून का सामना करता है और यहां के पहाड़ी इलाके बेहद कठिन तथा खड़ी ढलानों वाले हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार यह वृक्ष पूरी तरह स्वस्थ है। इसकी विशाल छतरी में विभिन्न प्रकार के पौधे उगते हैं और उड़ने वाली गिलहरियों के घोंसले भी पाए जाते हैं। वसंत ऋतु में इसके नर शंकु फूलों के कारण इसकी ऊपरी सतह नारंगी रंग की दिखाई देती है, जो इसकी सुंदरता को और बढ़ा देती है। विशेषज्ञों का मानना है कि पुराने जंगलों के संरक्षण और ताइवान की विशिष्ट भौगोलिक स्थिति ने इन वृक्षों को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस पेड़ की खोज आसान नहीं थी। ताइवान का लगभग 60 प्रतिशत भूभाग घने जंगलों से ढका हुआ है और कई क्षेत्र अत्यंत दूरस्थ हैं। शुरुआत में टीम ने पैदल खोज अभियान चलाया, लेकिन कठिन परिस्थितियों के कारण बाद में लिडार तकनीक का सहारा लिया गया। लेजर आधारित इस तकनीक की मदद से 65 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले 941 पेड़ों की पहचान की गई। इसके बाद वैज्ञानिकों ने पेड़ पर चढ़कर मापने वाली टेप की सहायता से उसकी वास्तविक ऊंचाई का निर्धारण किया। 84.1 मीटर ऊंचे “हेवन स्वॉर्ड” को अब पूर्वी एशिया का सबसे ऊंचा पेड़ घोषित किया गया है। सुदामा/ईएमएस 12 जून 2026