राज्य
12-Jun-2026


- 17 जून को कोच्चि दफ्तर में पूछताछ - वीणा की कंपनी को बिना कोई सेवा लिए 2.78 करोड़ का भुगतान करने का आरोप कोच्चि (ईएमएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने खनिज कंपनी कोचिन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी वीणा टी. को नया समन जारी किया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने उन्हें आगामी 17 जून को पूछताछ के लिए कोच्चि स्थित अपने क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होने का कड़ा निर्देश दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ईडी ने इससे पहले वीणा को शुक्रवार को ही पेश होने के लिए कहा था। हालांकि, उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए ईमेल के जरिए जांच एजेंसी से कुछ और समय देने की मांग की थी, जिसे स्वीकार करते हुए एजेंसी ने अब नई तारीख मुकर्रर की है। ईडी ने वीणा को 17 जून की सुबह 10 बजे कोच्चि दफ्तर पहुंचने और अपनी आईटी कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय लेनदेन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने को कहा है। यह पूरा विवाद उन गंभीर आरोपों से घिरा है, जिसमें कहा गया है कि सीएमआरएल कंपनी ने एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को करीब 2.78 करोड़ का भुगतान किया था, जबकि इसके बदले में कंपनी को कोई सेवा या सर्विस नहीं दी गई थी। इसके अलावा ईडी का यह भी आरोप है कि सीएमआरएल के प्रबंध निदेशक ससिधरन कार्था द्वारा संचालित एम्पॉवर इंडिया कैपिटल इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड ने भी वीणा की कंपनी को 50 लाख का कर्ज दिया था, जिसे समय पर चुकाया नहीं गया। जांच एजेंसी का दावा है कि इन संदिग्ध लेनदेन के जरिए कथित रूप से अपराध की कमाई (प्रोसीड्स ऑफ क्राइम) जुटाई गई। गौरतलब है कि ईडी ने यह मामला सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस द्वारा अप्रैल 2025 में एर्नाकुलम की अदालत में दायर की गई शिकायत के आधार पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज किया था। कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की जांच शाखा एसएफआईओ और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के रडार पर सीएमआरएल कंपनी साल 2019 में आयकर विभाग की छापेमारी के बाद आई थी, जिसमें करीब 130 करोड़ के संदिग्ध और फर्जी खर्चों का पर्दाफाश हुआ था। बहरहाल, 17 जून को होने वाली इस पूछताछ को इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। रामयश/ईएमएस 12 जून 2026