राज्य
12-Jun-2026
...


बक्सर, (ईएमएस)। बिहार के बक्सर जिले से चोरी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। डुमरांव थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-18 में चोरों ने 132 फीट ऊंचे मोबाइल टावर को ही गायब कर दिया। इतना ही नहीं, टावर के साथ 15 केवी का जनरेटर सेट और अन्य तकनीकी उपकरण भी चोरी कर लिए गए। इस अनोखी चोरी की चर्चा पूरे जिले के साथ-साथ राज्यभर में हो रही है। मामले का खुलासा तब हुआ जब टावर का संचालन करने वाली कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी वर्षों से बंद पड़े टावर की मरम्मत के लिए मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि जिस स्थान पर कभी विशाल मोबाइल टावर खड़ा था, वहां अब सिर्फ खाली जमीन बची है। कंपनी की ओर से जांच करने पर पता चला कि टावर के साथ जनरेटर और अन्य जरूरी उपकरण भी गायब हैं। इसके बाद कंपनी ने डुमरांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मोबाइल टावर करीब 15 वर्षों से इलाके में स्थापित था। लोगों का कहना है कि पिछले 15 से 20 दिनों से टावर दिखाई नहीं दे रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ लोग कई दिनों तक धीरे-धीरे टावर को खोलते रहे और पूरा ढांचा हटाकर ले गए। स्थानीय निवासियों ने इसे कंपनी द्वारा हटाया जाना समझा, इसलिए किसी ने संदेह नहीं किया। जिस जमीन पर टावर लगा था, उसके मालिक हरेनाथ यादव ने कहा कि वर्ष 2010 में कंपनी के साथ 12 साल का समझौता हुआ था, जो 2022 में समाप्त हो गया। उनका आरोप है कि इसके बाद कंपनी ने भुगतान नहीं किया। उन्होंने इस संबंध में कई बार कंपनी को नोटिस भी भेजा था। बक्सर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभम आर्य ने बताया कि टावर हटाए जाने को लेकर शिकायत मिली है। पुलिस जमीन मालिक और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला चोरी का है या टावर किसी अन्य कारण से हटाया गया है। संतोष झा- १२ जून/२०२६/ईएमएस