राज्य
12-Jun-2026


वैशाली, (ईएमएस)। बिहार के वैशाली जिले में शुक्रवार सुबह वर्षों पुराने जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बिदुपुर थाना क्षेत्र के मझौली गांव में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया। घटना में एक महिला को गोली लग गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का हाजीपुर सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, मझौली गांव में जमीन को लेकर लंबे समय से दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला मारपीट में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के कई लोग मौके पर जुट गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गई। गोलीबारी होते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान 55 वर्षीय गीता देवी को गोली लग गई। गोली उनके दाहिने पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला की पहचान रामजी चौधरी की पत्नी गीता देवी के रूप में हुई है। वहीं मारपीट में गनौर चौधरी और निभा देवी भी घायल हुए हैं। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घायल महिला के पुत्र पप्पू कुमार ने आरोप लगाया कि उनके पट्टीदार जागेश्वर चौधरी के पुत्र लालू चौधरी करीब 10 लोगों के साथ उनके घर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि सभी लोग लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से लैस थे तथा आते ही मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान लालू चौधरी ने गोली चलाई, जो उनकी मां को लग गई। घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार भी अस्पताल पहुंचे और घायलों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला जमीनी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फायरिंग और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संतोष झा- १२ जून/२०२६/ईएमएस