रायगढ़(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने अपनी 6 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशभर के तहसील और विकासखंड मुख्यालयों में प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम अनुभागीय अधिकारियों के माध्यम से प्रेषित किया गया। कर्मचारियों ने महंगाई भत्ता, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, अवकाश नगदीकरण और अनुकंपा नियुक्ति सहित विभिन्न लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के लाखों अधिकारी-कर्मचारी लंबे समय से इन मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ज्ञापन में 1 जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता स्वीकृत करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई है। इसके साथ ही विधानसभा के बजट सत्र में घोषित कैशलेस चिकित्सा सुविधा को जल्द लागू करने के लिए आवश्यक आदेश जारी करने की मांग भी की गई। कर्मचारियों ने सेवानिवृत्ति पर अवकाश नगदीकरण की सीमा 240 दिन से बढ़ाकर 300 दिन करने की मांग उठाई। संघ ने संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण, शिक्षक (एलबी संवर्ग) को प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा लाभ देने और अनुकंपा नियुक्ति में 10 प्रतिशत सीमा समाप्त करने की भी मांग रखी है। संघ के अनुसार, प्रदेशभर में जिला और विकासखंड मुख्यालयों पर एक साथ प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा गया। घरघोड़ा में भी बड़ी संख्या में कर्मचारी एकत्र होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते नजर आए। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 जून 2026