क्षेत्रीय
12-Jun-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य स्तर पर पहचान बनाने का बड़ा अवसर सामने आया है। योनेक्स-सनराइज 25वीं छत्तीसगढ़ स्टेट सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन स्पर्धा-2026 में भागीदारी के लिए कोरबा जिले के खिलाड़ियों का चयन आगामी 21 जून को एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना, कोरबा में किया जाएगा। इस चयन प्रतियोगिता के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के मेन ड्रा में सीधे प्रवेश प्राप्त करने का अवसर हासिल करेंगे। जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 25वीं स्टेट सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन स्पर्धा का आयोजन 1 से 5 जुलाई तक बिलासपुर में किया जाएगा। इसी के लिए कोरबा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन (केडीबीए) द्वारा जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। केडीबीए के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल एवं सचिव मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि चयन ट्रायल रविवार 21 जून को सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को 19 जून शाम 5 बजे तक अपनी एंट्री अनिवार्य रूप से दर्ज करानी होगी। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि यह चयन प्रतियोगिता केवल पुरुष एवं महिला एकल वर्ग के लिए आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए 500 रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो खिलाड़ी स्टेट रैंकिंग प्रतियोगिता के क्वालिफाइंग राउंड में हिस्सा लेना चाहते हैं, उन्हें भी 21 जून शाम 5 बजे तक अपनी एंट्री सुनिश्चित करनी होगी। इसके साथ ही खिलाड़ियों को अपनी बैडमिंटन आईडी सक्रिय रखने सलाह दी गई है। आईडी निष्क्रिय होने की स्थिति में उनकी प्रविष्टि स्वीकार नहीं की जाएगी। जिला बैडमिंटन संघ ने सभी खिलाड़ियों से समय पर पंजीयन कराने और इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है। खेल प्रेमियों का मानना है कि यह चयन प्रतियोगिता जिले के उभरते खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने और राज्य स्तर पर कोरबा का नाम रोशन करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी। बैडमिंटन जगत की निगाहें अब 21 जून को होने वाले इस बहुप्रतीक्षित चयन ट्रायल पर टिकी हुई हैं। 12 जून / मित्तल