- लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश - स्ट्रीट वेंडर्स को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम कोरबा (ईएमएस) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से शहरी पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव को हितग्राहियों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। निगम के कोसाबाड़ी जोन कार्यालय में आयोजित महोत्सव शिविर का निरीक्षण महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत एवं निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनके ऋण प्रकरणों, लंबित आवेदनों तथा योजना से मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। महापौर एवं आयुक्त ने अधिकारियों तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पूर्व से लंबित सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शीघ्रता से योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिविर के दौरान प्राप्त होने वाले नए आवेदनों पर भी त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी पात्र हितग्राही को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। 12 जून / मित्तल