कलेक्टर ने खाद वितरण व्यवस्था को लेकर की प्रेस कॉन्फ्रेंस अशोकनगर (ईएमएस)। कलेक्टर साकेत मालवीय ने जिले में खाद वितरण व्यवस्था को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। उन्होंने किसानों को समय पर एवं सुगमता से खाद उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कलेक्टर ने बताया कि जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई है तथा वितरण केंद्रों पर नियमित निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को ई टोकन के माध्यम से निर्धारित दरों पर खाद उपलब्ध कराई जा रही है। इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि किसानों को खाद के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। खाद की रैक नियमित रूप से जिले को प्राप्त हो रही है। इस दौरान बताया गया कि जिले में 3 मार्कफेड गोदाम, 36 समितियों, 1 एमपीएग्रो, 55 निजी संस्थाओं द्वारा खाद का विक्रय किया जा रहा है। साथ ही 2 अस्थाई नये केन्द्र चंदेरी एवं ईसागढ़ शीघ्र प्रारंभ कराये जाएंगें। खाद के प्रतिदिन टोकन बुक किये जा रहे हैं। 1 अप्रैल से 12 जून तक 55058 टोकन पंजीकृत हुये हैं। जिनमें से 29204 कृषकों को 19795 मेट्रिक टन का वितरण किया गया है। वर्तमान में उपलब्ध खाद भण्डारण एवं शेष उर्वरकों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में कलेक्टर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 21 जून 2026 को अंतराष्ट्रीय योगा दिवस का आयोजन किया जाएगा। योगा दिवस के अवसर जिले के सभी पुरातत्विक स्थलों को कवर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 12 जून से 18 जून तक जिले के विकासखण्डों तथा नगरीय क्षेत्रों में जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को प्रत्येक स्तर पर लाभ दिलाना है। उन्होंने भारत सरकार की मनरेगा के परिवर्तित नाम बीबीजी राम जी योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर उपसंचालक जनसंपर्क एसएम सिद्धिकी एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। ईएमएस/ ओमप्रकाश रघुवंशी/ 12 जून 2026