अशोकनगर (ईएमएस)। पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्यवाही करते हुये आरोपी के कब्जे से 6.05 ग्राम स्मैक (हेरोइन) कीमत लगभग 60 हजार रुपये जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। कोतवाली थाना पुलिस को मुखबिर की सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पडरिया रोड स्थित आरा मशीन के पास स्मैक लेकर बिक्री करने की फिराक में बैठा हुआ है। सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चैहान के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा स्वतंत्र साक्षियों की उपस्थिति में मौके पर दबिश दी गई। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम कालू उर्फ जाविद खान पुत्र वाहिद खान, उम्र 36 वर्ष, निवासी आजाद मोहल्ला, अशोकनगर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 6.05 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 60,000 रुपये है। बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। ईएमएस/ ओमप्रकाश रघुवंशी/ 12 जून 2026