राज्य
12-Jun-2026


*शशि भूषण दुबे कंचनीय /श्याम मोहन उपाध्याय* मिर्जापुर 12 जून। चौपाल में सिरसी नहर को बाणसागर से जोड़ने की उठी मांग लालगंज (ईएमसस)। कठवार गांव स्थित बाणसागर-मेजा-जरगो लिंक नहर परिसर में सिंचाई एवं जल संरक्षण विभाग की ओर से आयोजित सेवा, संस्कार एवं सुशासन चौपाल में किसानों ने सिंचाई संबंधी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान सिरसी नहर को बाणसागर परियोजना से जोड़ने की मांग प्रमुखता से उठी। अपना दल किसान मंच के राष्ट्रीय सचिव रमाकांत पटेल ने कहा कि बाणसागर परियोजना से क्षेत्र की खेती और किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अधीक्षण अभियंता ओपी मौर्य ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा रहा है तथा जिन क्षेत्रों में पानी पहुंचने में कठिनाई है, वहां भी सुविधा विकसित करने की योजना पर कार्य चल रहा है। अधिशासी अभियंता श्याम किशोर गुप्ता ने कहा कि जल संसाधनों के बेहतर उपयोग से कृषि उत्पादन और रोजगार के अवसर बढ़े हैं।चौपाल में किसान काशीनाथ, मनोज पटेल, धर्मराज, चंद्रेश पटेल और शिवरतन ने नहर किनारे से सिंचाई के लिए पानी लेने पर कार्रवाई की आशंका जताई। इस पर अधीक्षण अभियंता ने स्पष्ट किया कि किसानों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। वहीं धनंजय पटेल, बृजेंद्र कुमार दुबे और लक्ष्मीशंकर दुबे ने सिरसी नहर को बाणसागर परियोजना से जोड़ने की मांग रखी। अधिकारियों ने कहा कि मांग को उच्च स्तर पर भेजा जाएगा।कार्यक्रम का संचालन एसडीओ शिवगोविंद ने किया। इस दौरान सहायक अभियंता आशुतोष मिश्रा, फूलचंद, प्रेम कुमार, अनिल कुमार गुप्ता, आशुतोष तथा मनीष कुमार, घनश्याम पटेल, राजकुमार पटेल कमला शंकर दुबे, नील रतन त्रिपाठी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। ईएमएस/मोहने/ 12 जून 2026