राज्य
12-Jun-2026


हाथरस (ईएमएस)! हाथरस जिले के मुरसान क्षेत्र स्थित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र पर शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा तकनीकी हादसा हो गया। बिजली गिरते ही उपकेंद्र में जोरदार धमाका हुआ, जिससे मुख्य विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। हादसे के कारण उपकेंद्र से जुड़े कई गांवों और क्षेत्रों की बिजली सप्लाई अचानक बंद हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, आकाशीय बिजली के प्रभाव से उपकेंद्र में लगी बैटरी फट गई और कंट्रोल रूम व कंट्रोल पैनल में स्थापित कई महत्वपूर्ण उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के समय मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा के मद्देनजर वे बाहर निकल आए। हादसे के बाद क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना रहा। विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया और तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी को दूर करने के प्रयास जारी हैं और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 12 जून 2026