राज्य
12-Jun-2026


हाथरस (ईएमएस)! अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर जनपद में बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा तथा मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित के साथ कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिलाधिकारी ने कहा कि बाल श्रम समाज के लिए एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जिसके उन्मूलन के लिए सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का अधिकार प्राप्त है। ऐसे में बच्चों को श्रम में लगाने के बजाय उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना समाज और प्रशासन दोनों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जागरूकता वाहन के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बाल श्रम निषेध संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। अभियान के दौरान लोगों को बाल श्रम के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों तथा इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की जाएगी कि वे किसी भी बच्चे से श्रम न कराएं और यदि कहीं बाल श्रम होता दिखाई दे तो उसकी सूचना संबंधित विभाग को दें। उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना तथा उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाल श्रम उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 12 जून 2026