*जनसेवा, संगठन क्षमता और लोकप्रियता का मिला सम्मान* *सिरोंज (ईएमएस)। कांग्रेस संगठन द्वारा लटेरी ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुनील जैन की नियुक्ति को क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक निर्णय के रूप में देखा जा रहा है। वर्षों से पार्टी संगठन के प्रति समर्पित रहे सुनील जैन को यह जिम्मेदारी मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा आमजन में उत्साह का माहौल है। सुनील जैन लंबे समय से कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी मजबूत पकड़, सहज उपलब्धता और जनता के बीच निरंतर सक्रियता ने उन्हें एक लोकप्रिय जननेता के रूप में स्थापित किया है। जिला पंचायत सदस्य के रूप में उनके कार्यकाल को भी विकासोन्मुखी और जनहितैषी माना जाता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संगठन ने सुनील जैन को यह दायित्व सौंपकर जमीनी स्तर पर पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। ग्रामीण अंचलों में उनके व्यापक जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत तालमेल का लाभ कांग्रेस को आगामी समय में मिलने की उम्मीद है। अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील जैन ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान से अधिक एक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे। क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि सुनील जैन का सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की कार्यशैली ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। यही कारण है कि उनकी नियुक्ति को जनता और कार्यकर्ताओं ने खुले दिल से स्वागत किया है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि सुनील जैन के नेतृत्व में लटेरी ग्रामीण क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और नई मजबूती मिलेगी। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि उनके अनुभव और जनसंपर्क का लाभ संगठन को आने वाले समय में निश्चित रूप से प्राप्त होगा। ईएमएस/ सलमान खान/ 12 जून 2026