*इंडियन वोटर्स क्लब ने SDM को ज्ञापन सौंपा, तत्काल कटौती बंद करने की मांग* सिरोंज (ईएमएस)। इंडियन वोटर्स क्लब जिला विदिशा के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच जफर खान के नेतृत्व में क्षेत्र के नागरिकों, किसानों एवं व्यापारियों ने आज अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिरोंज को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विगत 25 दिनों से क्षेत्र में की जा रही अघोषित विद्युत कटौती को भीषण गर्मी के मद्देनजर तत्काल बंद कराकर नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। *ज्ञापन में उल्लेखित मुख्य समस्याएं:* 1. *लगातार 25 दिनों से संकट:* क्षेत्र में प्रतिदिन कई-कई घंटे अघोषित रूप से बिजली काटी जा रही है। 2. *भीषण गर्मी का प्रकोप:* तापमान 42°C के आसपास चलने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है, कूलर-पंखे बंद होने से बुजुर्गों, बच्चों व बीमार व्यक्तियों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। 3. *शिक्षा व व्यापार ठप:* विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, व्यापारिक प्रतिष्ठानों का कार्य ठप पड़ा है तथा किसानों को सिंचाई में भारी परेशानी हो रही है। 4. *जनता में आक्रोश:* रात के समय बार-बार बिजली कटने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है एवं लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। जिला अध्यक्ष जफर खान ने कहा कि भीषण गर्मी में अघोषित कटौती जनता के साथ क्रूर मजाक है। प्रशासन तुरंत संज्ञान लेकर विद्युत विभाग को निर्देश दे कि कटौती बंद कर 24 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।इस अवसर पर आजम अली, राशिद, आरिफ, सोमेश साहू, महेश केवट, देवेन्द्र सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे। ईएमएस/ सलमान खान/ 12 जून 2026