बालाघाट (ईएमएस). मध्यप्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह का 13 जून को एक दिवसीय प्रवास पर बालाघाट आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे तथा जिला अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। प्रभारी मंत्री सिंह शनिवार 13 जून को सुबह 9 बजे ग्राम लोलरी जिला नरसिंहपुर से बालाघाट के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 12.30 बजे बालाघाट पहुंचने के बाद वे बालाघाट-कटंगी सेक्शन में निर्मित रेलवे ओवरब्रिज के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम गर्रा स्थित रेलवे क्रॉसिंग क्रमांक बीके-9 के पास आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात प्रभारी मंत्री सिंह दोपहर 1.30 बजे जिला चिकित्सालय बालाघाट में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित एक दिवसीय शिविर में सहभागिता करेंगे तथा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित गतिविधियों का अवलोकन करेंगे। प्रभारी मंत्री सिंह दोपहर 2 बजे सर्किट हाउस बालाघाट पहुंचेंगे और अपराह्न 3 बजे जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करेंगे। बैठक में जिले में संचालित प्रमुख योजनाओं, निर्माण कार्यों तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की स्थिति पर चर्चा की जाएगी। अपराह्न 3.30 बजे प्रभारी मंत्री सिंह जिला भाजपा कार्यालय में जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से भेंट करेंगे तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों से अवगत होंगे। इसके पश्चात वे शाम 4.30 बजे बालाघाट से अपने ग्राम लोलरी जिला नरसिंहपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और रात्रि 830 बजे ग्राम लोलरी पहुंचेंगें। भानेश साकुरे / 12 जून 2026