क्षेत्रीय
12-Jun-2026
...


मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर उठाए सवाल, प्रशासनिक दबाव का आरोप बालाघाट (ईएमएस). राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन फॉर्म निरस्त किए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराया। शुक्रवार को कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष जीतू बर्वे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डिप्टी कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया को लेकर बालाघाट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष जीतू बर्वे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कौरव को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप किया गया है, जिससे संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और स्वतंत्रता पर सवाल खड़े होते हैं। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो। सेवादल जिला अध्यक्ष जीतू बर्वे ने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं का निष्पक्ष रूप से कार्य करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा है। कांग्रेस संगठन मंत्री शफकत खान ने आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के पीछे प्रशासनिक दबाव काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रशासन पर सरकार का प्रभाव साफ नजर आ रहा है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए चिंताजनक है। आंदोलन रहेगा जारी कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को लेकर उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता के सवाल को लगातार उठाती रहेगी। भानेश साकुरे / 12 जून 2026