लोक कल्याण मेला व जनकल्याण शिविर में उमड़ी भीड़ स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर जोर बालाघाट (ईएमएस). नगर पालिका परिसर में शुक्रवार को स्वनिधि महोत्सव, लोक कल्याण मेला एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने भाग लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। नगर पालिका परिषद बालाघाट द्वारा 12 जून को आयोजित स्वनिधि महोत्सव, लोक कल्याण मेला एवं जनकल्याण शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वरोजगार को बढ़ावा देना तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति आमजन को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए गए। साथ ही उन्हें क्रेडिट कार्ड प्रदान कर डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए डिजिटल एक्टिवेशन की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई। विशेष रूप से स्ट्रीट वेंडर्स और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। लाभार्थियों को हितलाभ का किया वितरण कार्यक्रम में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन डे-एनयूएलएम शाखा द्वारा पीएम स्वनिधि योजना के 13 नये आवेदन प्राप्त किये गये। शिविर में अतिथियों के हस्ते हितग्राहियों को सांकेतिक रूप से डमी चेक प्रदान किये गये जबकि पीएम स्वनिधि योजना के तहत 7 लाभार्थियों को क्रेडिट कार्ड का वितरण, श्रम योगी मानधन योजना में 37 आवेदकों का पंजीयन किया गया तथा स्वनिधि से समृद्धि अभियान के तहत 15 हितग्राहियों को लाभ पहुंचाया, डिजिटल एक्टिवेशन में 17 तथा 18 खाद्य सामग्री विक्रेताओं को एफएसएसएआई फूड सर्टिफिकेट का वितरण किया गया। नपा अध्यक्ष ने हितग्राहियों से किया संवाद नपाध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर ने आवेदक एवं हितग्राहियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना तथा विभिन्न विभागों के प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली एवं एक ही स्थान पर आवेदन एवं लाभ सुविधा को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि कई ऐसे लाभार्थी है जिन्हें योजनाओं की जानकारी नहीं है जबकि वे पात्रता रखते है, जहां शासन उनके शहर, वार्ड एवं गांव तक योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिये पहुंच रहा है तो जवाबदेही बनती है कि वे आवेदन करें और केन्द्र तथा प्रदेश सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का फायदा लें। 15, 17 को भी लगेगा जनकल्याण शिविर नपाध्यक्ष ने बताया कि जनकल्याण शिविर के आगामी क्रम में 15 जून को फायर स्टेशन बिरसा मुंडा चौक बुढ़ी में तथा 17 जून को सिंधु भवन में पुन: शिविर का आयोजन किया जायेगा। नगरवासियों, हितग्राहियों से आग्रह है कि परेशान ना हो जिन्होंने अब तक आवेदन नहीं किया है तो शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ लें। पात्र हितग्राही योजना से लाभान्वित होने अपने वार्ड पार्षद, नपाकर्मी अथवा सीधे नपा कार्यालय में संपर्क कर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। हमारा उद्देश्य है कि एक भी पात्र हितग्राही छूटने ना पाये सभी को समान रूप से शासन की योजना का फायदा हो। ये रहे उपस्थित कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष राकेश सेवईवार, रमाकांत डहाके, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष ढिलनसिंह ताराम, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण मेश्राम, नपा उपाध्यक्ष योगेश बिसेन, सभापति वकील वाधवा, कमलेश पांचे, उज्जवल आमाडारे, संगीता खगेश कावरे, पार्षद संगीता थापा, मनीष नेमा, विशाल मंगलानी के अलावा डॉ. अक्षय कटरे, नरेश अग्रवाल, संतोष लिल्हारे, गणेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में स्वसहायता समूह की महिलाएं, स्वनिधि योजना हेतु बैंकर्स, नगरपालिका विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं हितग्राही, आवेदक उपस्थित रहे। मंच का सफल संचालन संजू वराड़े ने किया तथा उपस्थितों का आभार सभापति योगिता विनय बोपचे ने जताया। भानेश साकुरे / 12 जून 2026