ग्रामीणों ने जर्जर पेड़ों को हटाने की उठाई मांग बालाघाट (ईएमएस). क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। नागपुर से इलाज कराकर लौट रही 14 वर्षीय बालिका की रास्ते में पेड़ गिरने से मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर है। चरेगांव क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय रुचि पंचतिलक की मौत हो गई। वह अपने माता-पिता के साथ नागपुर से इलाज कराकर लौट रही थी। बस से उतरकर घर की ओर जा रही थी, तभी अचानक तेज तूफान के कारण रास्ते में एक पेड़ उनके ऊपर गिर गया। हादसे में बालिका के माता-पिता को मामूली चोटें आईं, जबकि रुचि के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी हालत नाजुक हो गई। घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत मदद कर उसे चरेगांव अस्पताल पहुंचाया। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बालाघाट रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार तूफान इतना तेज था कि कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सडक़ों के किनारे खतरनाक और जर्जर पेड़ों की पहचान कर उन्हें जल्द हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। मासूम बालिका की असमय मौत से गांव में गहरा शोक व्याप्त है और लोगों ने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। भानेश साकुरे / 12 जून 2026