क्षेत्रीय
12-Jun-2026
...


पास कराने, एडमिशन और टीसी के नाम पर वसूली का आरोप प्राचार्य बोले—पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी बालाघाट (ईएमएस). जटाशंकर त्रिवेदी पीजी कॉलेज में दलाली और अवैध वसूली के गंभीर आरोपों को लेकर शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। जिले के जटाशंकर त्रिवेदी पीजी कॉलेज में शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विरोध दर्ज कराया। संगठन के जिला संयोजक आदित्य अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कॉलेज में ‘शिक्षा के दलाल’ सक्रिय हैं, जो छात्रों से पास कराने, नया एडमिशन दिलाने और टीसी जैसे जरूरी दस्तावेज जारी कराने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। अग्रवाल ने दावा किया कि संगठन के पास इस पूरे मामले के प्रमाण मौजूद हैं। उन्होंने एक छात्र के साथ ठगी का उदाहरण देते हुए कहा कि उसे पास कराने के नाम पर पैसे लिए गए, लेकिन काम नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासन से इस कथित सिंडिकेट पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। विरोध के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। वहीं, कॉलेज के प्राचार्य अशोक कुमार मरठे ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि कॉलेज में प्रवेश की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी है। परिसर के भीतर इस तरह की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। उन्होंने आरोपों को पूरी तरह निराधार और अस्वीकार्य बताया। इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने छात्र नेताओं को भरोसा दिलाया है कि अवैध वसूली और दलाली के आरोपों की गंभीरता से जांच की जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। भानेश साकुरे / 12 जून 2026