राज्य
13-Jun-2026
...


- उन्नति बागोरा (6 विकेट) की घातक गेंदबाजी के बाद कप्तान नुजहत परवीन की नाबाद 44 रनों की पारी ने बुंदेलखंड को किया पस्त; आज खिताब के लिए चंबल घड़ियाल्स से होगी भिड़ंत :: इंदौर (ईएमएस)। होल्कर स्टेडियम में खेले गए एमपीएल वुमंस टी-20 (सिंध‍िया कप 2026) के एलिमिनेटर मुकाबले में ग्वालियर शेरनिस ने बुंदेलखंड बुल्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटा लिया है। बुंदेलखंड बुल्स द्वारा दिए गए 94 रनों के छोटे लक्ष्य को ग्वालियर शेरनिस ने बेहद आसानी से 16.3 ओवर में महज 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। ग्वालियर की इस एकतरफा जीत की सूत्रधार कप्तान नुजहत मसीह परवीन रहीं, जिन्होंने मोर्चे से अगुवाई करते हुए बेहतरीन पारी खेली। इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बुंदेलखंड बुल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। ग्वालियर की कसी हुई गेंदबाजी और सटीक लाइन-लेंथ के सामने बुल्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर केवल 93 रन ही बना सकी। :: उन्नति बागोरा की घातक गेंदबाजी, चटकाए 6 विकेट :: बुंदेलखंड बुल्स को सस्ते में समेटने में ग्वालियर शेरनिस की गेंदबाज व प्लेयर ऑफ द मैच रही उन्नति बागोरा ने मुख्य भूमिका निभाई। उन्नति ने अपने 4 ओवर के कोटे में मात्र 15 रन खर्च करते हुए 6 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। उनकी इस घातक गेंदबाजी के कारण बुल्स का मध्यक्रम पूरी तरह ताश के पत्तों की तरह ढह गया। बुल्स की ओर से मुस्कान बिस्वास ने सर्वाधिक 35 गेंदों में 28 रन और यशस्विनी बोहरे ने 15 रनों का योगदान दिया, जबकि टीम की अन्य सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं। ग्वालियर की ओर से खुशी यादव ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 11 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। :: कप्तान नुजहत और आशना पाटीदार की ठोस शुरुआत :: छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्वालियर शेरनिस को ओपनर आशना पाटीदार और कप्तान नुजहत मसीह परवीन ने 46 रनों की ठोस शुरुआत देकर मैच को एकतरफा कर दिया। आशना 32 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद इशाना स्वामी (3 रन) दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान नुजहत परवीन ने मैदान पर कदम रख चुकीं सौम्या तिवारी के साथ मिलकर टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया। नुजहत ने 46 गेंदों में 5 चौकों की मदद से नाबाद 44 रनों की मैच जिताऊ कप्तानी पारी खेली, जबकि सौम्या तिवारी 11 गेंदों में 9 रन बनाकर नाबाद लौटीं। बुंदेलखंड की ओर से एकमात्र विकेट पायल बाल्मिक को मिला। :: आज होल्कर में खिताबी महामुकाबला :: इस धमाकेदार जीत के साथ ही ग्वालियर शेरनिस ने टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब शनिवार, 13 जून को शाम 7:30 बजे ऐतिहासिक होल्कर स्टेडियम में ही खिताब के लिए ग्वालियर शेरनिस का सामना लीग स्टेज की शीर्ष टीम चंबल घड़ियाल्स से होगा। चंबल की टीम टूर्नामेंट में पहले ही सीधे फाइनल का टिकट पाकर आराम कर रही है, ऐसे में शनिवार को इंदौर की फ्लड लाइट्स में एक बेहद रोमांचक खिताबी जंग देखने को मिलेगी। प्रकाश/12 जून 2026