-कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से मांगा जवाब, अगली सुनवाई 4 जुलाई को तय नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली दंगा मामले के आरोपी शरजील इमाम ने कड़कड़डूमा अदालत में नई जमानत याचिका दायर की है। अदालत ने याचिका पर दिल्ली पुलिस से जवाब मांगकर अगली सुनवाई 4 जुलाई को तय की है। शरजील इमाम ने अपनी याचिका में तर्क दिया है कि वह पिछले करीब छह वर्षों से न्यायिक हिरासत में हैं और उनकी पिछली जमानत अर्जी सुप्रीम कोर्ट द्वारा 5 जनवरी, 2024 को खारिज करने के बाद से मुकदमे की सुनवाई में कोई उल्लेखनीय प्रगति नहीं हुई है। इससे पहले, सुप्रीम कोर्ट ने इमाम की जमानत याचिका को अस्वीकार किया था। उस फैसले के बाद अब उन्होंने निचली अदालत का दरवाजा खटखटाया है, इसमें लंबी अवधि की हिरासत और मुकदमे में हो रही देरी को जमानत का मुख्य आधार बनाया है। कड़कड़डूमा कोर्ट ने उनकी याचिका को स्वीकार कर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर मामले में अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। पुलिस के जवाब और दोनों पक्षों की दलीलों के आधार पर अदालत 4 जुलाई को आगे की सुनवाई करेगी। बात दें कि इमाम दिल्ली दंगों से संबंधित मामलों में लंबे समय से जेल में बंद हैं। उनकी ओर से लगातार यह दलील दी है कि मुकदमे में हो रही देरी को देखकर उन्हें जमानत मिलनी चाहिए। वहीं, अभियोजन पक्ष लगातार गंभीर आरोपों का हवाला देकर उनकी जमानत का विरोध कर रहा है। इस नई याचिका पर अदालत का फैसला दोनों पक्षों की दलीलों और मामले की वर्तमान प्रगति के आकलन के बाद ही सामने आएगा, जो इस हाई-प्रोफाइल मामले में महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकता है। आशीष दुबे / 13 जून 2026