राष्ट्रीय
13-Jun-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। हिंदू राष्ट्रवादी नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने ओमान तट पर अमेरिकी सेना द्वारा तीन भारतीय नाविकों की हत्या को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। पूर्व राज्यसभा सांसद स्वामी ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में रीढ़ की हड्डी बची है, तब उन्हें सीधे अमेरिकी राष्ट्रपति को फोन करके विरोध जताना चाहिए। उन्होंने यह टिप्पणी नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स को तलब करने के बाद की। बीजेपी नेता स्वामी ने विदेश मंत्रालय के अमेरिकी दूतावास से बात करने पर सवाल उठाकर स्पष्ट रूप से कहा, हालांकि, मुझे पता है कि मोदी ऐसा क्यों नहीं करने वाले है। भारत ने अमेरिकी दूतावास के अधिकारी को दो बार तलब किया, और कहा कि भारतीय चालक दल वाले वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी सेना के घातक और जानलेवा हमले अस्वीकार्य हैं। यह पहली बार था जब मोदी सरकार ने सार्वजनिक रूप से माना कि अमेरिकी नौसेना ने भारतीय चालक दल वाले जहाजों को निशाना बनाया था। विदेश मंत्रालय ने बताया कि अमेरिकी कार्रवाई में 10 जून को पलाऊ के ध्वज वाले टैंकर सेटेबेलो पर सवार 24 भारतीय नाविकों में से तीन की मौत हो गई थी। विदेश मंत्रालय ने इन हमलों को संवेदनशील क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करने वाला बताया और तत्काल रोकने की मांग की। विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी अधिकारी से भारत की चिंताओं को वाशिंगटन तक पहुंचाने और यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया कि क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य बल नागरिकों के जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पुष्टि की कि 8 जून को मैरीवेक्स (24 भारतीय नाविक सुरक्षित) और गुरुवार को जलवीर (20 भारतीय नाविक) पर हुए हमले भी अमेरिकी नौसेना की ओर से किए गए थे। आशीष दुबे / 13 जून 2026