राज्य
13-Jun-2026
...


० ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से लेकर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान तक, विशेष जनसंपर्क अभियान रहा गतिशील रायपुर (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह के दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन शनिवार को रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए । दिन की शुरुआत रायपुर के ऑक्सीजोन गार्डन में पौधारोपण के साथ हुई। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के साथ मिलकर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर सांसद श्री अग्रवाल ने कहा, यह अभियान केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि माँ के प्रति हमारे प्रेम और कृतज्ञता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री श्री मोदी का यह आह्वान अब एक जन-आंदोलन बन चुका है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और हरित भारत की नींव रख रहा है। सांसद श्री अग्रवाल एवं केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने सुप्रसिद्ध गायक और पद्मश्री से सम्मानित डॉ. भारती बंधु से भेंट की। भारतीय संस्कृति और सूफी संगीत के संवाहक डॉ. भारती बंधु के साथ इस भेंट के दौरान मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और देश की प्रगति के विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा हुई। विशेष जनसंपर्क अभियान की कड़ी में सांसद बृजमोहन अग्रवाल एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने जनसंघ के समय से भाजपा की नींव मजबूत करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ता अप्पा खरे के निवास पहुंचकर उनसे और उनके परिवार से भेंट की। सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि श्री अप्पा का स्नेह और उनका अनुभव हम सभी को निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। इस कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी और जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रमों की श्रृंखला में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल की उपस्थिति में राज्य के सर्वांगीण विकास और ‘विशेष जनसंपर्क अभियान’ से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इन आयोजनों के माध्यम से मोदी सरकार के 12 वर्षों के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा का संदेश दिया। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/13 जून 2026