रायपुर (ईएमएस)। नगर निगम जोन 5 ने गंदगी फैलाने की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 10 दुकानदारों पर कुल 8800 रुपये का ई-जुर्माना लगाया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जीई रोड स्थित आश्रम चौक और लाखेनगर चौक क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान आश्रम चौक के पास इंडियन बिरयानी और फिरोज बिरयानी दुकानों पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। लाखेनगर चौक स्थित चिराग प्लास्टिक दुकान पर गंदगी पाए जाने पर 5000 रुपये का जुर्माना किया गया। वहीं 7 ठेला संचालकों से कुल 2800 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यह कार्रवाई निगम आयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी और जोन कमिश्नर के मार्गदर्शन में की गई। अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने की सख्त चेतावनी दी है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/13 जून 2026