प्रशिक्षण दिया गया। शाजापुर (ईएमएस)। जिले के हाईवे किनारे स्थित ग्राम पंचायतों में सीपीआर कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं एवं आकस्मिक आपात स्थितियों में आमजन को जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण देकर मानव जीवन की रक्षा के लिए सक्षम बनाना है। अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत सुनेरा, अभयपुर, मझनिया, भीलवाडि़या, पनवाड़ी उकावता एवं जलौदा में प्रशिक्षण आयोजित किए गए। सभी ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं सचिव की उपस्थिति में ग्रामीणों को सीपीआर, प्राथमिक उपचार तथा आपातकालीन परिस्थितियों में किए जाने वाले आवश्यक उपायों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। डिस्ट्रिक कमाण्डेंट विक्रम सिंह, प्लाटून कमांडर नम्रता सरावत, एसडीईआरएफ टीम द्वारा ग्रामीणों को सीपीआर की तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। साथ ही राहवीर योजना एवं प्रधानमंत्री राहत योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को प्राथमिक सहायता प्रदान करना, उन्हें स्थिर रखना, मानसिक संबल देना, एम्बुलेंस एवं ईएमएस सेवाओं के पहुंचने तक आवश्यक देखभाल करना तथा गंभीर घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाना मानव जीवन बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट की उपयोगिता के बारे में भी समझाईश दी गई। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमला आर्य के निर्देशन पर शासकीय चिकित्सालय शाजापुर की चिकित्सा टीम ने डॉ. सचिन नायक के नेतृत्व में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में ग्रामीणों के रक्तचाप (बीपी) एवं शुगर की जांच की गई। जांच उपरांत आवश्यकतानुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा होमगार्ड विभाग एवं जिला स्वास्थ विभाग के सहयोग से संचालित यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जो की निरंतर चलता रहेगा! ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 13 जून 2026