राज्य
13-Jun-2026


- गर्भवती महिला की पीएम रिपोर्ट में हुआ खुदकुशी का खुलासा - पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज - सुसाइड नोट में पति के अन्य महिला से संबंध होने का जिक्र भोपाल(ईएमएस)। बैरागढ़ इलाके में स्थित संजय नगर में गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उसकी मौत फांसी लगाने से हुई थी। वहीं घटना के बाद पति ने इसे सड़क हादसा बताकर पुलिस और परिजनों को गुमराह करने का प्रयास किया था। मामले में मिले सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने पति विकास मेवाड़ा और उसकी मां रजनी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार बीती 6 जून को भारती मेवाड़ा ने अपने घर में फांसी लगा ली थी। घटना के बाद विकास उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती जॉच में उसने बताया था कि बाइक पर जाते समय दुपट्टा पहिये में फंसने से उसकी पत्नी की मौत हुई है। हालांकि घटनास्थल की जॉच में उसकी कहानी संदिग्ध पाई गई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया की भारती ने कमरे में फांसी लगाई थी। जांच में मृतका के मोबाइल से मिले सुसाइड नोट में पति के किसी अन्य महिला से संबंध होने का जिक्र है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। घटना से पहले भी महिला ने हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया था। जॉच के आधार पर पुलिस ने पति और सास के खिलाफ मामला कायम कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जुनेद / 13 जून