राज्य
13-Jun-2026


* अहमदाबाद में गुजरात यूनिवर्सिटी से अहमदाबाद यूनिवर्सिटी तक निकाली गई रैली; एनटीए को भंग करने और जेपीसी गठन की उठाई मांग अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात प्रदेश युवा कांग्रेस ने शनिवार को नीट पेपर लीक मामले के विरोध में गुजरात यूनिवर्सिटी से अहमदाबाद यूनिवर्सिटी तक विशाल मशाल रैली का आयोजन किया। रैली में ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उधय भानु चिब और गुजरात प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. प्रवीणसिंह वणोल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान पेपर लीक कांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई। रैली को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उधय भानु चिब ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी है। नीट पेपर लीक के कारण देश के 22 लाख से अधिक तथा गुजरात के 85 हजार से ज्यादा छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पेपर लीक माफियाओं को संरक्षण दे रही है, जिससे मेहनती और मेधावी छात्रों के सपनों को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक अब देश की गंभीर समस्या बन चुका है और यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो देश की प्रतिभाशाली पीढ़ी का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। उधय भानु चिब ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय एक बार फिर पारदर्शी और विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली स्थापित करने में विफल रहा है। यूथ कांग्रेस ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने तथा पेपर लीक मामले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित करने की मांग भी की। संगठन का कहना है कि जांच के बाद मामले में शामिल सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। गुजरात प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. प्रवीणसिंह वणोल ने कहा कि देश और राज्य दोनों जगह शिक्षा व्यवस्था भ्रष्टाचार की गिरफ्त में है। गुजरात में भी लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे हजारों छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक की घटना देश के लिए बेहद शर्मनाक है। डॉक्टर बनने का सपना देखने वाले लाखों छात्रों की उम्मीदों पर सरकार की विफलता ने पानी फेर दिया है। डॉ. वणोल ने कहा कि गुजरात के 85 हजार से अधिक छात्र इस मामले से प्रभावित हुए हैं और उनकी वर्षों की मेहनत पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह पेपर लीक के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे तथा छात्रों को न्याय दिलाए। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जब तक परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार नहीं किए जाते और जिम्मेदार लोगों को सजा नहीं मिलती, तब तक उसका आंदोलन जारी रहेगा। मशाल रैली में गुजरात प्रदेश युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और राज्यभर से आए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया तथा भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सतीश/13 जून