राज्य
13-Jun-2026


* पावरग्रिड कंपनी के ठेका कार्य के दौरान हुआ हादसा, हाईटेंशन लाइन के केबल बिछाने का चल रहा था काम वडोदरा (ईएमएस)| गुजरात के डभोई तालुका के भावपुरा गांव में एक दर्दनाक हादसे में बिजली का पोल अचानक गिर जाने से 3 श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य श्रमिक घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब पावरग्रिड कंपनी के ठेके के तहत हाईटेंशन लाइन के केबल बिछाने और रखरखाव का कार्य चल रहा था। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के गोडाग गांव से आए श्रमिक पावरग्रिड कंपनी के बिजली के खंभे पर चढ़कर मेंटेनेंस का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान बिजली का पोल अचानक हिलने के बाद धराशायी हो गया, जिससे श्रमिक नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में खानों कालू मारडी, बबलू बास्की और मंगला कोल सहित तीन श्रमिकों की मौत हो गई। वहीं राजेंद्र हेम्बराम, धनंजय सरकार, संदीप सरकार समेत अन्य श्रमिक घायल हुए। गंभीर रूप से घायल राजेंद्र सुनीराम हेम्बराम (पश्चिम बंगाल) की वडोदरा के सायाजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डभोई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाईटेंशन लाइन पर कार्य के दौरान पोल के असंतुलित होकर गिरने से यह दुर्घटना हुई। सतीश/13 जून